बाराबंकी को ₹542 करोड़ की 82 विकास परियोजनाओं की सौगात, लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर के लिए धनराशि स्वीकृत: योगी आदित्यनाथ

  • मुख्यमंत्री ने 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विशेष जोर
  • लोधेश्वर महादेव मंदिर, पारिजात वृक्ष और केडी सिंह बाबू की विरासत के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया

रक्षा-राजनीति नेटवर्क

बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी में ₹542 करोड़ से अधिक लागत की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ प्रदेश सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण को भी समान महत्व दे रही है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत भगवान लोधेश्वर महादेव के दर्शन का उल्लेख करते हुए की। उन्होंने कहा कि मंदिर में दर्शन कर उन्हें आत्मिक आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि यह प्राचीन मंदिर आसपास के कई जनपदों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, लेकिन लंबे समय तक इसकी उपेक्षा हुई।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश को 1947 में स्वतंत्रता मिलने के बाद भी लोधेश्वर महादेव मंदिर को वह महत्व नहीं मिला, जिसका वह अधिकारी था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर तो धन खर्च किया, लेकिन लोधेश्वर महादेव मंदिर के विकास, हॉकी के दिग्गज केडी सिंह बाबू की विरासत के संरक्षण और पारिजात वृक्ष जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश सरकार ने भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर कॉरिडोर के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कॉरिडोर बनने के बाद यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ आधारभूत ढांचे के विकास पर भी तेजी से कार्य कर रही है। बाराबंकी में शुरू की गई 82 विकास परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।

Related Articles

Back to top button